Saturday 19 October 2013

राम मंदिर हेतु संकल्पित हुए लाखों दिल्लीवासी
 
राजधानी में सैंकड़ों स्थानों पर संकल्प सभाओं का आयोजन

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर, 2013. अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण हेतु आज पूरी दिल्ली ने संकल्प लिया तथा सम्पूर्ण सत्तर एकड भूमि पर संसदीय कानून के माध्यम से इस मसले के हल के साथ अयोध्या की सांस्कृतिक सीमा में किसी भी प्रकार की नई मस्जिद या इस्लामिक केन्द्र नहीं बनने देने के प्रति अपनी वचन-बद्धता व्यक्त की। दिल्ली में अनेक संकल्प सभाओं को संबोधित करते हुए विहिप के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष श्री प्रवीण भाई तोगडिया ने कहा कि बहुत हो चुका, अब दुनिया की कोई भी शक्ति भगवान श्री राम के भव्य मन्दिर के निर्माण से हमें नहीं रोक सकती है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत सरकार उच्चतम न्यायालय को दिए गए अपने हलफ़नामे को याद कर सम्पूर्ण 70 एकड भूमि हिन्दू समाज को सौंपे और सोम नाथ के तर्ज पर अयोध्या में एक भव्य मन्दिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करे।
कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए विहिप दिल्ली के मीडिया प्रमुख श्री विनोद बंसल ने बताया कि आज दिल्ली के हर कोने से एक ही आवाज बुलन्द हो रही थी कि अयोध्या में हमारे आराध्य भगवान श्री राम लला को टाट के टेन्ट से निकाल उनकी मर्यादा के अनुकूल एक भव्य मन्दिर में प्रतिस्थापित करो। इसके लिए दिल्ली भर में लगभग दो हजार स्थानों पर श्री राम जन्म भूमि संकल्प सभाओं का आयोजन किया गया जिनमें लाखों राम भक्त स्त्री, पुरुष, बच्चों, बुजुर्गों व जवानों ने संकल्प लेकर सम्पूर्ण सत्तर एकड भूमि में संसदीय कानून के माध्यम से श्री राम जन्म की भूमि पर भव्य मन्दिर निर्माण के साथ अयोध्या की सांस्कृतिक सीमा में किसी भी प्रकार की नई मस्जिद या इस्लामिक केन्द्र नहीं बनने देने के प्रति अपनी वचन-बद्धता व्यक्त की। भगवान वाल्मीकि जयन्ती तथा शरद पूर्णिमा के दिन दिल्ली की हर बस्ती/कालोनी में सुबह से शाम तक चली इन सभाओं को अनेक विहिप, बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारियों व अनेक संतों ने संबोधित किया।   
पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार, पश्चिमी विनोद नगर, व त्रिलोक पुरी में जहां विहिप कार्याध्यक्ष डा तोगडिया ने संबोधित किया तो ललिता पार्क(लक्ष्मी नगर), महालक्ष्मी एंक्लेव इत्यादि स्थानों पर विहिप के अंतर्राष्ट्रीय संगठन महा मंत्री श्री दिनेश चन्द्र ने संबोधित किया। उत्तरी दिल्ली के सुल्तान पुरी, प्रेम नगर व जैन नगर में बजरंग दल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रमुख श्री मनोज वर्मा ने तथा जहांगीर पुरी व चांदनी चौक में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक श्री राजेश पाण्डेय ने संबोधित किया। दक्षिणी दिल्ली के बदर पुर, संगम विहार, कालका जी, महरौली इत्यादि क्षेत्र में आयोजित अनेक सभाओं को विहिप के केन्द्रीय मन्त्री श्री धर्म नारायण ने संबोधित किया। पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी, द्वारिका, मादी पुर, पंजाबी बाग, शालीमार बाग इत्यादि स्थानों में प्रान्त महा मंत्री श्री सत्येन्द्र मोहन ने संबोधित किया।
श्री राम जन्म भूमि संकल्प सभाओं के प्रान्त प्रभारी श्री राम पाल सिंह ने बताया कि इन सभी सभाओं में लाखों नर नारियों ने जो संकल्प लिया उसमें श्री राम जन्म भूमि परिसर सहित उसके चारों ओर की सम्पूर्ण अधिगृहित 70 एकड भूमि को संसदीय कानून द्वारा राम लला को सौंपे जाने तथा अयोध्या की सांस्कृतिक सीमा में किसी भी प्रकार की नई मस्जिद या इस्लामिक केन्द्र नहीं बनने देने के प्रति वचन बद्धता व्यक्त की गई है। संकल्प सभाओं को विहिप के प्रान्त अध्यक्ष श्री स्वदेश पाल गुप्ता, क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री करुणा प्रकाश, उपाध्यक्ष श्री दीपक कुमार, बृज मोहन सेठी, श्री अशोक कुमार, गुरदीन प्रसाद रुस्तगी व संयुक्त महा मंत्री श्री राम कृष्ण श्रीवास्तव, मीडिया प्रमुख श्री विनोद बंसल तथा बजरंग दल संयोजक श्री शिव कुमार सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।
   भवदीय

विनोद बंसल
(मीडिया प्रमुख)
इंद्रप्रस्थ विश्व हिंदू परिषद, दिल्ली
Mo. 9810949109

No comments:

Post a Comment